Sarfaraz Khan Catch Video: ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) की कैप्टेंसी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने बीते मंगलवार, 14 अप्रैल को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 22वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 32 रनों से हराकर मात दी। गौरतलब है कि इसी बीच चेपॉक में सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने रमनदीप सिंह (Ramandeep Singh) का एक बेहद ही शानदार कैच पकड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, सरफराज खान का ये कैच केकेआर की इनिंग के 20वें ओवर में देखने को मिला। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ अंशुल कंबोज करने आए थे जिनकी तीसरी गेंद (लो फुलटॉस) पर रमनदीप सिंह ने रचनात्मकता दिखाकर रिवर्स लेप शॉट खेला।
यहां वो शॉर्ट थर्ड मैन के फील्डर को चमका देकर बॉल को बाउंड्री के बाहर पहुंचाना चाहते थे, हालांकि अपनी इसी कोशिश में वो गेंद को बहुत बेहतर ढंग से टाइम नहीं कर पाए। इसी का फायदा चेन्नई सुपर किंग्स को मिला और शॉर्ट थर्ड मैन पर सरफराज ने अपनी बाईं और कूद लगाकर जमीन के बेहद करीब शानदार कैच पकड़ा। IPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस मुकाबले में रमनदीप सिंह ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 23 गेंदों पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 35 रनों पारी खेली, वहीं दूसरी तरफ सरफराज खान ने 18 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्के की मदद से 23 रन बनाए।
पॉइंट्स टेबल का हाल: चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स ने 192 रन डिफेंड करके कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हराया। ये टूर्नामेंट में सुपर किंग्स की दूसरी जीत है और अब वो पॉइंट्स टेबल पर 4 अंकों (पांच मैच) के साथ आठवें पायदान पर पहुंच चुकी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौर करें कि पॉइंट्स टेबल के टॉप पर राजस्थान रॉयल्स की टीम है जिन्होंने 5 मैचों में 4 जीत दर्ज करके 8 अंक हासिल किए हैं। पॉइंट्स टेबल की आखिरी पॉजिशन पर कोलकाता नाइट राइडर्स (पांच मुकाबले) हैं, जो कि टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीते हैं।