Steve Smith Catch: अमेरिका में मेजर लीग क्रिकट टूर्नामेंट (Major League Cricket 2024) खेला जा रहा है जिसका 11वां मुकाबला लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (Los Angeles Knight Riders) और वाशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) के बीच हुआ था। इस मुकाबले के दौरान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने एक बेहद ही बवाल कैच पकड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्मिथ ने फिर कर दिखाया करिश्मा
ऑस्ट्रेलिया का ये दिग्गज खिलाड़ी कई बार ऐसे करिश्माई कैच पकड़ चुका है जिसे देखकर दुनिया हैरान रह गई। एक बार फिर ऐसा ही हुआ। दरअसल, नाइट राइडर्स की इनिंग के 11वें ओवर के दौरान ये कमाल कैच देखने को मिला। मैदान पर नीतीश कुमार बैटिंग कर रहे थे और वाशिंगटन फ्रीडम के ये ओवर ग्लेन मैक्सवेल करने आए थे।
इस ओवर की दूसरी बॉल पर नीतीश कुमार ने मिड विकेट की तरफ शॉट खेला। यहां पर स्टीव स्मिथ तैनात थे। ये बॉल उनकी बाईं और से गोली की तेजी से निकल रहा था। ऐसे में स्मिथ ने पलक झपकने की रफ्तार से हवा में ही कूद लगा दी। उन्होंने किसी शिकार बाज की तरफ हवा में गेंद को लपक लिया और नीचे गिरने के बावजूद बॉल को हाथ से नहीं निकलने दिया। ये एक बेहद ही शानदार कैच था क्योंकि स्मिथ के पास रिएक्ट करने के लिए बिल्कुल भी ज्यादा समय नहीं था यही वजह है फैंस को ये वीडियो खूब पसंद आ रहा है।
बैट से भी धमाल मचा रहे हैं स्टीव स्मिथ
स्टीव स्मिथ को टी20 फॉर्मेट का माहिर क्रिकेटर नहीं माना जाता, लेकिन मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में उन्होंने अपने बैट से धमाल मचाकर अपने आलोचकों को अच्छा जवाब दिया है। वो टूर्नामेंट में अब तक 4 मैचों में 140 की औसत से 126 रन ठोक चुके हैं और ऐसे करके वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों के तौर पर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के खिलाफ भी उन्होंने नाबाद 36 बॉल पर 42 रनों की पारी खेली थी और उनकी टीम ने भी ये मैच 8 विकेट से जीतकर अपने नाम किया था।