Washington Sundar Catch: वाशिगंटन सुंदर (Washington Sundar) ने शनिवार, 03 अक्टूबर को एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) के फाइनल में पाकिस्तान (IND vs PAK Final) के सामने गज़ब की गेंदबाज़ी की और अपने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने बाउंड्री पर फील्डिंग करते हुए माज सदाकत (Maaz Sadaqat) का शानदार कैच लपका जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ये घटना पाकिस्तानी टीम की पारी के सातवें ओवर में घटी। भारत के लिए अक्षर पटेल गेंदबाज़ी कर रहे थे जिनकी पहली ही गेंद पर माज सदाकत ने स्वीप करके छक्का मारने की कोशिश की। माज ने एक अच्छा शॉट खेला था और एक बार को ऐसा लगा कि उन्हें पूरे छह रन भी मिल जाएंगे, लेकिन तभी वाशिंगटन सुंदर ने करिश्मे को अंजाम दिया।
उन्होंने डीप की पॉजिशन से अपनी बाईं ओर दौड़ लगाई और भागते हुए गेंद को लपका। गौरतलब है कि कैच लेते समय उनकी रफ्तार काफी ज्यादा थी जिस वज़ह से वह बाउंड्री के पार जाने वाले थे। ऐसे में सुंदर ने गज़ब की सूझबूझ दिखाई और गेंद को हवा में उछाल दिया। इसके बाद वो खुद बाउंड्री के बाहर गए और फिर वापस मैदान में आकर गेंद को दोबारा पकड़कर कैच पूरा किया। सुंदर के कैच का अति सुंदर वीडियो आप नीचे देख सकते हो।
भारत ने जीता गोल्ड: एशियन गेम्स 2026 का फाइनल निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया था। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 211 रन डिफेंड किए और पाकिस्तान को 19 रनों से धूल चटाकर गोल्ड मेडल जीता। भारत के लिए अभिषेक शर्मा (28 गेंदों पर 61 रन) और तिलक वर्मा (22 गेंदों पर नाबाद 51 रन) ने शानदार अर्धशतक ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें भारतीय गेंदबाज़ों की तो अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने अपने 4-4 ओवर में 29-29 रन देकर 2-2 विकेट लिए। उनके अलावा शिवम दुबे ने भी 3 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट झटके। बताते चलें कि शिवम दुबे ने अपनी बैटिंग से भी धमाका किया और 15 गेंदों पर 27 रन ठोके। गौरतलब है कि पाकिस्तान को रौंदकर एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 19 गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए हैं।