Yuzvendra Chahal Vaping Viral Video: पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के दिग्गज गेंदबाज़ युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) बीते समय में काफी विवादों में रहे हैं और एक बार फिर ऐसा ही होता दिख रहा है। गौरतलब है कि 35 साल के युजेंवद्र चहल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें वो टीम के साथ ट्रेवल करते समय फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते कैमरे में कैद हुए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, युजवेंद्र का जो वीडियो वायरल हो रहा है वो सिर्फ 10 सेकंड का है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युजवेंद्र चहल फ्लाइट में शशांक सिंह के बगल में बैठे हैं और वेप इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बीच कैमरामैन गलती से उन्हें रिकॉर्ड कर लेता है जिसमें उनके मुंह से धुआं निकलता भी साफ-साफ दिख रहा है।
युजवेंद्र चहल की इस हरकत से फैंस भड़क चुके हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं। याद दिला दें कि हाल ही में एक आईपीएल मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कैप्टन रियान पराग भी ड्रेसिंग रूम में बैठकर वेप करते दिखे थे। इसके लिए BCCI ने उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया था और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया था।
युजी चहल किसी मुकाबले के दौरान तो वेपिंग करते नहीं दिखे, लेकिन उन्होंने ये हरकत फ्लाइट में की है जो कि एक नॉन स्मोकिंग एरिया होता है। फैंस इस बात से भी हैरान है कि आखिर चहल वेप लेकर फ्लाइट के अंदर कैसे चले गए। फ्लाइट में वेप करने पर किसी व्यक्ति पर भारी जुर्माना, बैन या कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। सबसे बड़ी बात भारत में वेप करने पर पूरी तरह बैन हैं, जिसे इस्तेमाल करके युजी ने एक कानून भी तोड़ा है। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि युजी का वीडियो सामने आने के बाद उन पर अब कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर साल 2026 में IPL में उनके प्रदर्शन की तो वो पंजाब किंग्स के लिए सीजन में अब तक 10 मैचों की 9 इनिंग में 9.53 की इकोनॉमी से गेंदबाज़ी करके सिर्फ 8 विकेट ले पाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 ओवर गेंदबाज़ी की और 286 रन लुटाए। हालांकि ये भी सच है कि इस दौरान चहल की गेंदों पर कई सारे कैच भी छूटे हैं।