साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय क्रिकेट टीम की शुरूआत खराब रही। दिन की दूसरी ही गेंद पर चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मार्को जेनसन की गेंद पर कीगन पीटरसन (Keegan Petersen) ने उनका बेहतरीन कैच लपका।
दिन के पहले ओवर में जेनसन ने लेग स्टंप पर शॉर्ट ऑफ़ लेंथ गेंद डाली जो सीने की ऊंचाई पर आई, जिसे पुजारा ने लेग साइड में खेलने की कोशिश की।लेकिन गेंद ग्लव्स पर लगकर लेग स्लिप की तरफ गई, जहां खड़े थे पीटरसन और उन्होंने अपने दाईं तरफ हवा में डाइव मारकर बेहतरीन कैच लपका।
यह कैच इतनी शानदार थी कि पुजारा को भी यकीन नहीं हुआ और वह निराशा के साथ पीटरसन की तरफ देखते हुए पवेलियन की तरफ लौट गए।
पुजारा ने 33 गेंदों का सामना करते हुए दो चौकों की मदद से 9 रन बनाए। बता दें कि दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाए थे और 70 रनों की कुल बढ़त हासिल की थी।
इससे पहले पीटरसन ने बल्लेबाजी में भी कमाल करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा था। पीटरसन ने 166 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 72 रनों की पारी खेली, जिसके चलते साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 210 रन बनाए।