मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सीजन अपने रंग में नजर नहीं आ रहे हैं। उनके प्रदर्शन में आई गिरावट ने फैंस और एक्सपर्ट्स को चौंका दिया है। इसी बीच अब टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने इसकी बड़ी वजह बताई है। उन्होंने बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड को लेकर अहम सलाह भी दी है।
मुंबई इंडियंस के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह IPL 2026 में अब तक अपनी पहचान के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। जहां वो आमतौर पर मैच विनर साबित होते हैं, इस बार उनका फॉर्म काफी फीका नजर आ रहा है। इस सीजन में उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 3 विकेट ही लिए हैं, जो उनके कद के हिसाब से काफी कम है।
बुमराह के इस प्रदर्शन को लेकर अब टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। शास्त्री का मानना है कि बुमराह इस समय सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक थकान से भी जूझ रहे हैं।
उन्होंने जियो हॉटस्टार की चैंपियंस वाली कमेंट्री में बात करते हुए कहा कि पिछले एक साल में बुमराह ने लगातार क्रिकेट खेला है, जिससे उनके ऊपर काफी वर्कलोड आया है। यही वजह है कि उनका असर अब उनके प्रदर्शन पर दिख रहा है। शास्त्री ने मुंबई इंडियंस को सलाह दी है कि वो बुमराह का सही तरीके से मैनेजमेंट करें ताकि वो लंबे समय तक फिट और प्रभावी बने रहें।
शास्त्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए काफी अहम सीरीज और टूर्नामेंट हैं, जिसमें साउथ अफ्रीका में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज शामिल हैं। ऐसे में बुमराह की फिटनेस को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुमराह शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने 14 विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन उसके बाद से उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर पहले भी काफी चर्चा हो चुकी है। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्हें आराम दिया गया था, ताकि उन्हें फ्रेश रखा जा सके और चोट से बचाया जा सके। अब जून के अंत से भारतीय टीम का इंटरनेशनल शेड्यूल फिर से शुरू होने वाला है, जिसमें आयरलैंड दौरा और इंग्लैंड के खिलाफ वाइट बॉल सीरीज शामिल है। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट चाहेगा कि बुमराह जल्दी ही अपनी पुरानी लय में वापिस लौटें।