ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में सोमवार को भारत ए का सामना श्रीलंका ए से हो रहा है। रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम 49.2 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, पहली पारी खत्म होते-होते भारत की हालत गरीबी में आटा गीला होने जैसी हो गई क्योंकि उन पर 10 रन की पेनल्टी लगा दी गई।
दरअसल, इंडिया ए पर 'प्रोटेक्टेड एरिया' (पिच का सुरक्षित हिस्सा) में दौड़ने के नियमों को कई बार तोड़ने के लिए 10 रन की पेनल्टी लगाई गई जिसका मतलब ये है कि श्रीलंका की टीम अपनी पारी की शुरुआत 10/0 के स्कोर से करेगी। भारतीय पारी के दौरान विपराज निगम ने रन लेते समय दो बार पिच के सुरक्षित हिस्से में कदम रखा, जबकि अनुकूल रॉय को पहले ही आधिकारिक चेतावनी दी जा चुकी थी।
ये घटनाएं उस समय हुईं जब नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने आए अनुकूल को 31वें ओवर में पिच के बीच में दौड़ने के लिए आखिरी चेतावनी दी गई थी। हालांकि, 33वें ओवर में वो आउट हो गए, लेकिन पेनल्टी का सिलसिला जारी रहा और विपराज निगम ने भी कई बार नियमों का उल्लंघन किया, जिसके कारण टीम को ये पेनल्टी झेलनी पड़ी। विपराज पिच के बीच में दौड़े और उन्हें 35वें ओवर में चेतावनी दी गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस घटना के बाद टीम पर पांच रन की पेनल्टी लगाई गई। उन्होंने 37वें ओवर में फिर से वही गलती की, जिससे इंडिया A पर एक और पांच रन की पेनल्टी लगी और कुल पेनल्टी 10 रन की हो गई। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या इंडिया ए की टीम इस 10 रन की पेनल्टी के बावजूद मैच जीत पाती है या नहीं।