बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में हार झेलने के बाद पाकिस्तान टीम के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट आया है और उनके दूसरे टेस्ट में वापसी की उम्मीद बढ़ गई है।
बांग्लादेश के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अब बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। टीम के अनुभवी स्टार बल्लेबाज बाबर आजम घुटने की चोट की वजह से पहले टेस्ट मुकाबले से बाहर हो गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को चौथी पारी में 268 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम सिर्फ 163 रन पर सिमट गई और बांग्लादेश ने 104 रन से शानदार जीत दर्ज की।
लेकिन अब पाकिस्तान कैंप से जो खबरें सामने आ रही हैं, उन्होंने फैंस की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। पीटीआई की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बाबर आजम ने नेट्स में बल्लेबाजी शुरू कर दी है और उन्होंने बिना किसी परेशानी के प्रैक्टिस भी की।
इस रिपोर्ट के मुताबिक टीम के फिजियो और ट्रेनर की निगरानी में बाबर लगातार ट्रेनिंग कर रहे हैं और उन्हें फिलहाल किसी तरह का दर्द या दिक्कत महसूस नहीं हो रही है। हालांकि पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी तक उनकी उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट 16 मई से सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में मैच से पहले बाबर का फिट होना पाकिस्तान के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि बाबर आजम हाल ही में खत्म हुए PSL 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने 11 पारियों में 588 रन बनाए थे और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। इस दौरान उनका औसत 73.50 का रहा और उन्होंने दो शानदार शतक भी जड़े थे। ऐसे में अगर बाबर दूसरे टेस्ट में वापसी करते हैं तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी को मजबूती मिल सकती है।