आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कई टीमों को अपने विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली कैपिटल्स की टेंशन भी बढ़ गई है, क्योंकि उनके स्टार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के शुरुआती मुकाबलों में खेलने पर अनिश्चितता बनी हुई है।
दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक स्टार्क को एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी नहीं किया है, जिसके चलते वह टीम के साथ कब जुड़ेंगे, यह साफ नहीं हो पाया है। दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी ने मीडिया से बातचीत के दौरान इस बात की पुष्टि की है कि टीम फिलहाल एनओसी का इंतजार कर रही है और उसी के बाद स्टार्क की उपलब्धता पर तस्वीर साफ होगी।
टीम मैनेजमेंट का कहना है कि वह लगातार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के संपर्क में हैं और स्टार्क की फिटनेस और वर्कलोड पर नजर रखी जा रही है। हालांकि फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उन्हें टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से पहले मंजूरी मिल सकती है। वहीं टीम के कप्तान अक्षर पटेल और डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने भी भरोसा जताया है कि स्टार्क टीम के साथ जरूर जुड़ेंगे, लेकिन यह पूरी तरह एनओसी मिलने पर निर्भर करेगा।
गौरतलब है कि मिचेल स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले सीजन मेगा ऑक्शन में 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा था और टीम के अहम गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 11 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे और टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज थे।
दिल्ली कैपिटल्स अपना आईपीएल 2026 अभियान 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरू करेगी। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि स्टार्क को समय पर एनओसी मिल पाता है या नहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का पूरा स्क्वाड:
अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, करुण नायर, केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय, अजय मंडल, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क, टी नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंता चमीरा, डेविड मिलर, बेन डकेट, आकिब डार, पाथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारीख, पृथ्वी शॉ, काइल जेमीसन।