आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सीजन काफी खराब रहा और टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच पाई। अब इस खराब प्रदर्शन के बाद टीम में बड़े बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच रविचंद्रन अश्विन का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने इशारों-इशारों में महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का अगला हेड कोच बता दिया।
दरअसल, CSK ने इस सीजन 14 में से सिर्फ 6 मैच जीते और लगातार आखिरी तीन मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इसके बाद लंबे समय से टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग पर सवाल उठने लगे। फ्लेमिंग ने भी माना कि क्रिकेट में आखिरकार रिजल्ट ही सब कुछ तय करते हैं और उनके भविष्य का फैसला मैनेजमेंट करेगा। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक फैन ने मजाक में लिखा कि अश्विन को CSK का हेड कोच नहीं बनाना चाहिए, क्योंकि वो मैच से पहले ही अपने यूट्यूब चैनल पर टीम की प्लेइंग इलेवन और प्लान बता देंगे।
इस पर अश्विन ने भी मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वो तो विरोधी टीमों के साथ भी अपनी रणनीति शेयर कर देंगे लेकिन इसके बाद उन्होंने जो बात कही, उसने फैंस का ध्यान खींच लिया। अश्विन ने लिखा, “जब एमएस धोनी मौजूद हैं, तो किसी और को ढूंढने की जरूरत ही क्या है?”
Also Read: LIVE Cricket Score
बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या भविष्य में धोनी CSK के हेड कोच बन सकते हैं। हालांकि धोनी इस सीजन चोट की वजह से एक भी मैच नहीं खेल पाए, लेकिन वो पूरी टीम के साथ जुड़े रहे और खिलाड़ियों को लगातार गाइड करते नजर आए। फैंस का मानना है कि धोनी से बेहतर CSK को कोई नहीं समझता। ऐसे में अगर वो भविष्य में कोच की भूमिका निभाते हैं, तो शायद फैंस को बिल्कुल भी हैरानी नहीं होगी।