आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें हटाने की मांग भी उठाई थी। हालांकि अब फ्लेमिंग को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है।
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले कुछ सीजन से अपने पुराने रंग में नजर नहीं आ रही है। पांच बार की चैंपियन टीम लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही, जिसके बाद टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
हालांकि अब CSK फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी स्टीफन फ्लेमिंग को ही हेड कोच के पद पर बरकरार रख सकती है। यानी अगले सीजन भी फ्लेमिंग ही चेन्नई सुपर किंग्स के कोच की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।
फ्लेमिंग साल 2008 से CSK के साथ जुड़े हुए हैं और 2009 से टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में चेन्नई ने IPL इतिहास का सबसे सफल दौर देखा है और पांच बार ट्रॉफी अपने नाम की है।
आईपीएल 2026 में चेन्नई का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत हासिल कर पाई और 12 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही। इससे पहले 2025 में टीम आखिरी स्थान पर रही थी, जबकि 2024 में पांचवें स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ से चूक गई थी।
लगातार खराब प्रदर्शन के कारण कई फैंस चाहते थे कि टीम मैनेजमेंट कोचिंग सेटअप में बदलाव करे, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, CSK प्रबंधन फ्लेमिंग के अनुभव और टीम के साथ उनके लंबे जुड़ाव को देखते हुए उन पर भरोसा बनाए रखना चाहता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एमएस धोनी और स्टीफन फ्लेमिंग के बीच बेहद मजबूत रिश्ता है, जिसका असर टीम के फैसलों में भी देखने को मिलता है। धोनी और फ्लेमिंग की जोड़ी ने पिछले डेढ़ दशक में CSK को कई यादगार सफलताएं दिलाई हैं और रिपोर्ट्स की माने तो फ्रेंचाइजी फिलहाल इस सफल साझेदारी को खत्म करने के मूड में नहीं है।