भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज मुकाबले के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलमबेज के बीच हुई झड़प काफी चर्चा में रही। सोशल मीडिया पर यह सवाल उठने लगा कि क्या BCCI युवा बल्लेबाज के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगा। अब इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसने स्थिति काफी हद तक साफ कर दी है।

Advertisement

सोमवार (15 जून) को दांबुला में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के मुकाबले के बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अचानक सुर्खियों में आ गए थे। सुपर ओवर के बाद मैदान पर श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलमबेज के साथ उनकी कहासुनी और हल्की धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद कई लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या BCCI इस मामले में वैभव के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।

Advertisement

हालांकि अब BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सैकिया ने गुरुवार (18 जून) को मीडिया से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें चल रही हैं कि BCCI कोई कार्रवाई करने की सोच रहा है, लेकिन बोर्ड मैच रेफरी की भूमिका नहीं निभा सकता। उनके मुताबिक मैदान पर जो भी घटना हुई, उस पर फैसला लेने का अधिकार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और मैच रेफरी का है।

उन्होंने आगे कहा कि जो कुछ भी हुआ वह खेल का हिस्सा था और BCCI की इसमें कोई भूमिका नहीं है। अगर किसी खिलाड़ी ने नियमों का उल्लंघन किया होगा तो उस पर फैसला मैच रेफरी और अंपायर ही लेंगे। बोर्ड को उस प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं है।

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद सुपर ओवर के दौरान शुरू हुआ था। भारत ए को जीत के लिए आखिरी तीन गेंदों पर 14 रन की जरूरत थी और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी कर रहे थे। युवा बल्लेबाज टीम को जीत नहीं दिला सके और भारत ए मुकाबला हार गया। इसके बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जोरदार जश्न मनाया, जबकि मैदान पर पहले से चल रही स्लेजिंग और नोकझोंक भी बढ़ गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक विशेन हलमबेज लगातार वैभव सूर्यवंशी को IPL 2026 में उनके प्रदर्शन को लेकर चिढ़ा रहे थे। मुकाबला खत्म होने के बाद माहौल और गर्म हो गया। पहले सूर्यांश शेडगे ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों से बहस की और फिर वैभव भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया और वैभव ने हलमबेज को हाथ लगाते हुए धक्का भी दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

ऐसे में अब यह साफ है कि BCCI ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की है और बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में अंतिम फैसला श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और मैच अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आता है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार