दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच सौरव गांगुली ने आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने के फैसलों के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय खिलाड़ियों के प्रदर्शन, टीम की जरूरतों और उन पर जताए गए भरोसे का मिलाजुला नतीजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कौन टीम में रहेगा और कौन जाएगा, इसे तय करने का कोई तय फॉर्मूला नहीं है।

नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। दिल्ली कैपिटल्स उन टीमों में शामिल रही, जिसने अपनी टीम में बड़े बदलाव किए हैं। रिलीज किए गए बड़े नामों में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शामिल हैं। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने भी अपने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ट्रेविस हेड को टीम से अलग कर दिया है। इन खिलाड़ियों को बाहर करने के पीछे वर्कलोड (काम का बोझ) से जुड़ी चिंताएं भी एक कारण रही हैं।

गांगुली ने कहा कि फ्रेंचाइजी को न केवल यह देखना होता है कि खिलाड़ियों ने हाल के सीजन में कैसा प्रदर्शन किया है, बल्कि यह भी सोचना होता है कि वे आने वाले वर्षों की योजनाओं में कैसे फिट बैठते हैं। इसके साथ ही उन्हें यह भी ध्यान रखना पड़ता है कि नीलामी में कौन-कौन से खिलाड़ी उपलब्ध हो सकते हैं।

'जियोस्टार' से बातचीत में गांगुली ने कहा, "खिलाड़ियों को रिलीज करने या रिटेन करने के पीछे की सटीक सोच बता पाना बहुत मुश्किल है। जाहिर है कि इसमें प्रदर्शन मायने रखता है—फ्रेंचाइजी किसे अहम मानती है और किसे आईपीएल मैच जिताने के लिए काफी अच्छा समझती है। इसके अलावा, यह भी देखा जाता है कि नीलामी में कौन से खिलाड़ी उपलब्ध हैं। चूंकि यह एक छोटी नीलामी है, इसलिए फ्रेंचाइजी पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन और अगले तीन वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखती है। इस वजह से कोई ऐसा पक्का नियम नहीं है कि क्या सही है और क्या गलत। यह बस भरोसे और विश्वास की बात है।"

दिल्ली के सबसे अहम फैसलों में से एक था रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स को सौंपना, जिसके बदले में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को दिल्ली की टीम में शामिल किया गया। गांगुली ने माना कि कुलदीप यादव जैसे बाएं हाथ के स्पिनर को टीम से जाने देना मुश्किल था, क्योंकि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए काफी योगदान दिया था।

हालांकि, उन्होंने कहा कि टीम ने अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने को प्राथमिकता दी है। गांगुली ने कहा, “यह एक मुश्किल ट्रेड थ, क्योंकि कुलदीप एक बहुत ही खास क्रिकेटर हैं। वह लंबे समय से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े रहे हैं, लेकिन आईपीएल में, जहां 10 टीमें हैं, वहां हमेशा एक सही संतुलन बनाने की बात होती है। हमें एक बल्लेबाज की तलाश थी। हमें ऋषभ पंत के रूप में एक घरेलू बल्लेबाज मिला, जिन्होंने दिल्ली के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं उन्हें बहुत ऊंचे दर्जे का खिलाड़ी मानता हूं। मगर कुलदीप को जाने देना बहुत मुश्किल था, और अक्षर तथा आशुतोष को तो छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता था। वह हमारी टीम का बहुत अहम हिस्सा हैं।"

भारत के पूर्व कप्तान ने दिल्ली के हेड कोच के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बारे में भी बात की, जो इस फ्रेंचाइजी के साथ उनके जुड़ाव में एक नए अध्याय की शुरुआत है। गांगुली पहले भी इस टीम के साथ 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' के रूप में काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने रिकी पोंटिंग के हेड कोच रहने के दौरान टीम के कामकाज की देखरेख की थी।

पिछले साल प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ हेड कोच की भूमिका निभा चुके गांगुली ने कहा कि वह डगआउट से आईपीएल टीम का नेतृत्व करने की चुनौतियों के लिए वह तैयार हैं। उन्होंने कहा, "आईपीएल में हेड कोच के तौर पर यह मेरा पहला अनुभव है। मैंने पिछले साल प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए ऐसा किया था, लेकिन मैं बहुत उत्साहित हूं। आईपीएल एक बिल्कुल अलग तरह की चुनौती है। मैं पहले भी अलग-अलग भूमिकाओं में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ा रहा हूं, खासकर 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' के तौर पर, जहां रिकी पोंटिंग के हेड कोच रहते हुए मैं सारी व्यवस्थाओं को संभालता था। अब जब मैं हेड कोच हूं, तो इस टीम को आगे ले जाने की मुख्य जिम्मेदारी मेरी होगी।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार