भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा की ओर से खेलते हुए यह खास मुकाम छुआ। उनसे पहले भारत का कोई भी गेंदबाज टी20 क्रिकेट में इस उपलब्धि तक नहीं पहुंच पाया था।
चहल ने बुधवार (18 नवंबर) को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के मैच में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 16 रन देकर तीन विकेट झटके। इसी प्रदर्शन के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 400 विकेट भी पूरे कर लिए। उनसे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज टी20 में इस आंकड़े को पार नहीं कर पाया था।
चहल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन में 396 टी20 विकेट के साथ उतरे थे। पंजाब के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था और उन्होंने 27 रन खर्च किए थे। इसके बाद सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इस तरह तमिलनाडु के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले उन्हें 400 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी।
चहल के नाम अब 346 मैचों में कुल 402 विकेट दर्ज हो चुके हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने 339 मैचों में 366 विकेट हासिल किए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह 288 मैचों में 354 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।
भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- युजवेंद्र चहल – 402 विकेट, 346 मैच
- भुवनेश्वर कुमार – 366 विकेट, 339 मैच
- जसप्रीत बुमराह – 354 विकेट, 288 मैच
- पीयूष चावला – 329 विकेट, 307 मैच
- रविचंद्रन अश्विन – 323 विकेट, 343 मैच
- अक्षर पटेल – 300 विकेट, 345 मैच
Also Read: LIVE Cricket Score
युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में 400 विकेट 340 पारियों में पूरे किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 23.68 और इकॉनमी रेट 7.77 का रहा है। उनके नाम इस फॉर्मेट में दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है।