Pakistan T20I Tri-Series, Sri Lanka vs Zimbabwe 2nd T20 Highlights: पाकिस्तान टी20 ट्राई-सीरीज़ के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने रावलपिंडी में शानदार गेंदबाज़ी के दम पर श्रीलंका को सिर्फ 95 पर रोककर 67 रनों से हराया। ब्रायन बेनेट(49) और कप्तान सिकंदर रज़ा(47) की अहम साझेदारी से जिम्बाब्वे ने 162 का मजबूत स्कोर बनाया। ब्रैड इवांस ने 3 और रिचर्ड नगारवा ने 2 विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाज़ों की कमर तोड़ी। यह शर्मनाक हार श्रीलंका के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों पर बड़ा झटका है।

Advertisement

पाकिस्तान टी20 ट्राई-सीरीज़ 2025 का दूसरा मुकाबला गुरुवार (20 नवंबर) को रावलपिंडी में खेला गया, जहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। जिम्बाब्वे की शुरुआत धीमी रही और तडिवनाशे मरुमनि सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन एक छोर पर टिके ब्रायन बेनेट ने जिम्मेदारी निभाते हुए 42 गेंदों में 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

Advertisement

उनका साथ मिला कप्तान सिकंदर रज़ा का, जिन्होंने मध्य ओवरों में आते ही रनगति बढ़ा दी। रज़ा ने 32 गेंदों में 47 रन ठोकते हुए बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 रन की अहम साझेदारी की। रयान बर्ल ने 18 रन जोड़े, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। इसके बावजूद जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन का लड़ने लायक स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका के लिए वानिंदु हसरंगा सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। ईशान मलिंगा ने 2 और चमीरा–थीक्षाना ने 1-1 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पथुम निसांका बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि कुसल परेरा(4) और कुसल मेंडिस(6) भी सस्ते में चलते बने। मिडल ऑर्डर में भानुका राजपक्षे 11 रन ही जोड़ पाए। कप्तान दासुन शनाका ने जरूर 25 गेंदों में 34 रन बनाए, लेकिन अकेले दम पर मैच बचा नहीं सके। टीम के 9 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके और श्रीलंका 20 ओवर में सिर्फ 95 रन पर ढेर हो गया।

जिम्बाब्वे की गेंदबाज़ी पूरी तरह हावी रही। ब्रैड इवांस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि रिचर्ड नगारवा ने 2 विकेट झटके। इसके अलावा मापोसा, क्रेमर, रयान बर्ल और सिकंदर रज़ा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

कुल मिलाकर, जिम्बाब्वे ने 67 रन से शानदार जीत दर्ज की और पाकिस्तान से पहला मैच हारने के बाद ट्राई सीरीज में अपनी जीत का खाता खोला। दूसरी ओर, श्रीलंका का ट्राई-सीरीज़ में हार के साथ आगाज हुआ है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले तैयारीयों में करारा झटका लगा है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार