टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के चैंपियन बनने के साथ ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। डेविड वॉर्नर ने भी इस टूर्नामेंट में अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच खेला। वहीं ट्रेंट बोल्ड ने ऐलान किया कि वह न्यूजीलैंड के लिए यह उनका आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप है। लेकिन इनके अलावा कई स्टार खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनका 2026 में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले अगले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलना मुश्किल है।
जॉनी बेयरस्टो
विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर जॉनी बेयरस्टो की उम्र फिलहाल 35 साल के करीब है। पिछले कुछ समय से इंटरनेशनल क्रिकेट में बेयरस्टो का प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा है। इस टी-20 वर्ल्ड कप में भी 6 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 110 रन आए। ऐसे में उनका अगले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलना मुश्किल लगता है।
मोहम्मद आमिर
पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने टी-20 वर्ल्ड कप से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास वापस लिया था। वेस्टइंडीज-अमेरिका में हुए इस वर्ल्ड कप में उन्होंने 4 मैच में 7 विकेट हासिल किए। बता दें कि उनकी फिटनेस पर भी सवाल उठते रहे हैं।
केन विलियमसन
न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन का भी अगला टी-20 वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल है। बतौर कप्तान और बल्लेबाज उनका प्रदर्शन हाल ही में हुए वर्ल्ड कप में निराशाजनक रहा था। विलियमयन ने वर्ल्ड कप में 3 पारी में सिर्फ 28 रन बनाए थे, इसके अलावा न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। विलियमसन ने खुद अपने टी-20 र्ल्ड कप करियर को लेकर संशय बरकरार रखा। वर्ल्ड कप के बाहर होने के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी भी छोड़ दी थी।
टिम साउदी
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी फिलहाल 35 साल के हैं। मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 3 मैच में 7 विकेट हासिल किए और वह इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन तो ठीक रहा लेकिन अगले एडिशन में उनकी उम्र भी आड़े आएगी।