तारोबा में वेस्टइंडीज-पाकिस्तान पहला टेस्ट, वेस्टइंडीज की जीत के साथ-साथ, टेस्ट इतिहास के सबसे शानदार बॉलिंग स्पेल में से एक के लिए भी याद रखा जाएगा। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves) लगातार 5 'विकेट-मेडन' ओवर फेंकने वाले पहले गेंदबाज बन गए और अपने टेस्ट करियर (17 टेस्ट) में पहली बार 5 विकेट लिए।

Advertisement

पाकिस्तान का स्कोर तब 244/3 था और कप्तान शान मसूद बड़ी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी ग्रीव्स ने पारी को बुरी तरह से झटका दिया। देखिए उनके रिकॉर्ड 5 ओवर:

ओवर 64: 0, 0, 0, 0, 0, W – शान मसूद आउट
ओवर 66: 0, W, 0, 0, 0, 0 – आमिर जमाल आउट
ओवर 68: 0, 0, W, 0, 0, 0 – अली उस्मान आउट
ओवर 70: 0, 0, 0, W, 0, 0 – मोहम्मद रिजवान आउट
लंच के बाद
ओवर 72: 0, 0, 0, 0, 0, W – मोहम्मद अब्बास

इस तरह लगातार 5 'विकेट-मेडन' ओवर का अनोखा रिकॉर्ड टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बन गया। इस संदर्भ में पिछला सबसे अच्छा रिकॉर्ड स्टुअर्ट ब्रॉड का था- 2016 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध लगातार 4 'विकेट-मेडन' ओवर फेंकने का। अगर रोस्टन चेज़ ने इन 5 ओवर के बाद ग्रीव्स को अटैक से हटा, जेडेन सेल्स को गेंदबाजी के लिए न बुलाया होता, तो क्या पता ग्रीव्स लगातार 6 विकेट भी ले लेते!

इस पारी में ग्रीव्स का रिकॉर्ड रहा 5/27 और ये वही 27 रन हैं जो अपने अद्भुत स्पेल वाले 5 ओवर से पहले, 6 ओवर में बिना कोई विकेट लिए, दिए थे। पाकिस्तान टीम 282 रन पर आउट हो गई।

ग्रीव्स टेस्ट में 200 और 5 विकेट का रिकॉर्ड बनाने वाले वेस्टइंडीज के 11वें खिलाड़ी बन गए। एक बड़ी मजेदार बात ये है कि ग्रीव्स को शायद आदत हो गई है वेस्टइंडीज को मुश्किल हालात से बाहर निकालने की। पिछले साल, क्राइस्टचर्च में तब 202* बनाए जब जीत के लिए 531 रन की जरूरत के सामने वेस्टइंडीज टीम एक समय 72/4 पर थी। ग्रीव्स की कोशिश से न्यूजीलैंड के विरुद्ध ये टेस्ट आखिर में ड्रॉ हो गया। इसी तरह तारोबा के कमाल से कुछ दिन पहले, श्रीलंका के विरुद्ध 180 रन बना, वेस्टइंडीज को 144/4 के स्कोर से संभाल, 499 रन पर पहुंचा दिया था।

ये सब तो ठीक है पर असली कमाल तो है ग्रीव्स के प्रदर्शन से बने कुछ अद्भुत रिकॉर्ड का:
• ग्रीव्स टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिसने टेस्ट की चौथी पारी में 200 बनाया और टेस्ट की एक पारी में 5 विकेट लिए।
• बिना कोई रन दिए, लगातार 5 या उससे ज्यादा विकेट, अब तक सिर्फ 10 गेंदबाज ने लिए हैं (इनमें वे जर्मेन लॉसन भी हैं जिन्होंने 6 विकेट लिए थे), लेकिन इनमें से ग्रीव्स अकेले ऐसे हैं जिन्होंने लगातार पांच 'विकेट-मेडन' के जरिए ये रिकॉर्ड बनाया।
बिना कोई रन दिए 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज
• 5/0 (32 गेंद में) – ह्यू टेफील्ड (दक्षिण अफ्रीका)
• 5/0 (24 गेंद में) – फ्रेड ट्रूमन (इंग्लैंड)
• 5/0 (~36 गेंद में) – लांस गिब्स (वेस्टइंडीज)
• 5/0 (35 गेंद में) – डेरेक अंडरवुड (इंग्लैंड)
• 5/0 (18 गेंद में) – वेंकटेश प्रसाद (भारत)
• 5/0 (13 गेंद में) – वकार यूनुस (पाकिस्तान)
• 5/0 (16 गेंद में) – स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड)
• 5/0 (12 गेंद में) – ट्रेंट बोल्ट (न्यूजीलैंड)
• 5/0 (25 गेंद में) – जस्टिन ग्रीव्स (वेस्टइंडीज)
• 6/0 (15 गेंद में) – जर्मेन लॉसन (वेस्टइंडीज)

इन 10 में, ग्रीव्स अकेले ऐसे हैं जिन्होंने, जो लगातार 5 विकेट लिए, इसके अतिरिक्त उस पारी में और कोई विकेट नहीं लिया। इस चर्चा में लॉसन का प्रदर्शन, बाकी गेंदबाज की तरह 5 विकेट तक का ही गिना है।

मजेदार फैक्ट ये है कि तीन गेंदबाज ऐसे भी हैं जो ग्रीव्स से पहले, लगातार 5 विकेट मेडन वाला रिकॉर्ड बनाने के बड़े करीब थे पर चूक गए:
• डेरेक अंडरवुड (इंग्लैंड-पाकिस्तान, लॉर्ड्स, 1974): 6.1-6-0-5.
• लांस गिब्स (वेस्टइंडीज-भारत, ब्रिजटाउन, 1962): 6.3-6-0-5.
• ह्यू टेफील्ड (दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड, जोहान्सबर्ग, 1953-54): 4.3-4-0-5 (8 गेंद के ओवर)।

एक और अद्भुत रिकॉर्ड ये कि तारोबा टेस्ट, ऐसा सिर्फ 6वां टेस्ट था जिसमें सभी 40 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए और कमाल ये कि इस साल लॉर्ड्स में इंग्लैंड-न्यूजीलैंड टेस्ट में ये रिकॉर्ड बना और कुछ ही दिन बाद इस टेस्ट में बन गया:

• इंग्लैंड-वेस्टइंडीज (1984)
• पाकिस्तान-जिंबाब्वे (1993)
• इंग्लैंड-दक्षिण अफ़्रीका (1998)
• दक्षिण अफ़्रीका-भारत (2018)
• इंग्लैंड-न्यूजीलैंड (2026)

Also Read: LIVE Cricket Score

ग्रीव्स के शानदार स्पेल ने उन्हें टेस्ट इतिहास में एक खास जगह दिलाई है। रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही बनते हैं, लेकिन लगातार 5 विकेट-मेडन ओवर का रिकॉर्ड ऐसा लगता है जो शायद कई साल तक कोई न तोड़ पाए।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार