बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भले ही मेजबान टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन युवा बल्लेबाज सैफ हसन ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन की गेंद पर ऐसा नो-लुक सिक्स लगाया, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
बांग्लादेश को शुक्रवार (19 जून) को चटगांव में खेले गए तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी। हालांकि मैच के दौरान बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज सैफ हसन ने एक जबरदस्त शॉट खेलकर गेंद को बांउड्री के बाहर पहुंचाया।
सैफ हसन का यह शानदार नो-लुक सिक्स बांग्लादेश की पारी के पांचवें ओवर में देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पहली गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ थी और लेग स्टंप के आसपास पड़ी। सैफ ने बल्ले के पूरा फेस इस्तेमाल करते हुए गेंद को फाइन लेग बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इस शॉट को देखकर फैंस हैरान रह गए और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श का रिएक्शन भी देखने लायक था।
VIDEO:
सैफ हसन ने इस मुकाबले में 33 गेंदों का सामना करते हुए 42 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। हालांकि वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को काफी परेशान किया।
अगर मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए मैट रेन्शॉ ने 52 गेंदों में नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं टिम डेविड ने भी 26 गेंदों में 45 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम 189 रन ही बना सकी। सैफ हसन के अलावा परवेज हुसैन ने 22 गेंदों में 36 रन और तौहीद हिरदॉय ने 22 गेंदों में 35 रन की तेज पारियां खेलीं, जिससे मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा। हालांकि अंत में ऑस्ट्रेलिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर ली। वहीं इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।