दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार, 15 फरवरी को वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग 2025 (WPL 2025) के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम 19.1 ओवर में 164 रन पर ढेर हो गई और जवाब में आखिरी बॉल पर दिल्ली कैपिटल्स ने ये मैच 2 विकेट से जीत लिया। 33 गेंदों में 35 रन बनाने वाली निकी प्रसाद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस मैच में टॉस जीतकर दिल्ली की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और उनके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए मुंबई को 20 ओवरों में 164 के स्कोर पर रोक दिया। मुंबई के लिए नैट साइवर-ब्रंट ने 13 चौकों की मदद से 80* (59) रन की पारी खेली। इससे पहले मुंबई की सलामी जोड़ी जल्दी पवेलियन लौट गई। हेली मैथ्यूज खाता भी नहीं खोल सकीं, जबकि यस्तिका भाटिया (11) भी ज्यादा देर टिक नहीं पाईं।
इसके बाद नैट सिवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। हरमनप्रीत ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 42 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हालांकि, उनके आउट होने के बाद मुंबई का मध्यक्रम लड़खड़ा गया। दूसरी ओर, स्कीवर-ब्रंट एक छोर संभालकर खेलती रहीं और 59 गेंदों में 80 रन की नाबाद पारी खेली। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला, जिससे मुंबई की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 164 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। ऐनाबेल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि शिखा पांडे ने 2 विकेट लेकर मुंबई को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। ऐलिस केप्सी और मिन्नू मणि को 1-1 सफलता मिली।