South Africa Women vs India Women 2nd T20: डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में रविवार (19 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका महिला टीम ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत 147 रन ही बना पाया, जिसके जवाब में मेजबान टीम ने 17.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 2-0 की बढ़त भी बना ली है।
साउथ अफ्रीका और भारत महिला टीम के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। स्मृति मंधाना 12 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ 2 रन बनाकर पावरप्ले के अंदर ही पवेलियन लौट गईं। मध्य ओवरों में कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 12 रन बनाकर आउट हो गईं।
हालांकि शैफाली वर्मा ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की और 38 गेंदों में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं अनुष्का शर्मा भी 31 गेंदों में 28 रन बनाकर कुछ देर खड़ी रही, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके। नतीजा यह रहा कि भारतीय टीम 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी।