CD Gopinath: भारत के भूतपूर्व टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ के 96 साल की उम्र में निधन से एक शानदार दौर का अंत हुआ। वह 1952 में, भारत की पहली ऐतिहासिक टेस्ट जीत हासिल करने वाली टीम के आखिरी जीवित सदस्य थे।
एक ऐसे क्रिकेटर थे गोपीनाथ जिनका वास्तव में क्रिकेटर बनने का कभी कोई इरादा नहीं था और इसीलिए ही तो 17 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया। वह कहते थे, 'जब मैं लोगों को बताता हूँ कि मैंने इतनी देर से क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो कोई यकीन नहीं करता। मैंने इससे पहले हॉकी, फुटबॉल और टेनिस खेला था, क्रिकेट कभी नहीं।'
बड़ौदा के दत्ताजीराव गायकवाड़ के निधन (13 फरवरी 2024) के बाद से गोपीनाथ, भारत के सबसे बड़ी उम्र के जीवित टेस्ट क्रिकेटर थे। पूरा नाम चिंगलेपुट दोरैकन्नू गोपीनाथ, एक शानदार दाएं हाथ के बल्लेबाज़, जो 1951-52 से 1959-60 के बीच 8 टेस्ट खेले। इनमें साधारण सा प्रदर्शन (12 पारी में 22 की औसत से 242 रन, जिसमें एक 50), लेकिन 50 के दशक में रणजी ट्रॉफ़ी में मद्रास के लिए कहीं बेहतर बल्लेबाज़ रहे (51+ की औसत से 2349 रन, जिसमें छह 100 और 234 टॉप स्कोर) हालांकि 1949-50 में मैसूर के विरुद्ध अपने पहले रणजी ट्रॉफ़ी मैच में दोनों पारी में 0 पर आउट हो गए थे।