NZ vs IND 2nd Test: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन रविवार (29 नवंबर) को उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। इस बार बुमराह ने विकेट लेने के बाद कुछ ऐसा किया, जिसे देखकर अन्य भारतीय खिलाड़ी भी मुस्कुराने लगे।
यह घटना न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के 18वें ओवर में हुई। बुमराह ने करीब 129 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेंथ गेंद डाली, जो बल्लेबाज की तरफ अंदर की ओर आ रही थी। हेनरी निकोल्स ने इसे लेग साइड की तरफ खेलने की कोशिश की, लेकिन वह बल्ले का मुंह थोड़ा जल्दी बंद कर बैठे। ऐसे में गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर सीधे बुमराह की तरफ चली गई।
बुमराह ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए नीचे झुककर घुटने के आसपास की ऊंचाई पर एक बेहतरीन कैच लपक लिया। निकोल्स इस बार 42 गेंदों पर 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे।