इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 फॉर्मेट की सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित लीग है। यह लीग दुनिया की सबसे महंगी लीग भी है। लीग में महाराष्ट्र (मुंबई इंडियंस), पश्चिम बंगाल (कोलकाता नाइट राइडर्स), राजस्थान (राजस्थान रॉयल्स), उत्तर प्रदेश (लखनऊ सुपर जायंट्स), गुजरात (गुजरात टाइटंस), दिल्ली (दिल्ली कैपिटल्स), कर्नाटक (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), तेलंगान (सनराइजर्स हैदराबाद), पंजाब (पंजाब किंग्स), तमिलनाडु (चेन्नई सुपर किंग्स) की टीम है। अभी भी कई राज्यों की तरह बिहार की टीम आईपीएल का हिस्सा नहीं है।
आईपीएल में बिहार की कोई टीम बेशक न हो, लेकिन बिहार से संबंध रखने वाले खिलाड़ी कई टीमों का हिस्सा हैं। आईपीएल 2026 में बिहार के वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स, ईशान किशन और साकिब हुसैन सनराइजर्स हैदराबाद, और मुकेश कुमार दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेल रहे हैं। लंबे समय से लीग में बिहार-आधारित टीम की मांग होती रही है। सोशल मीडिया पर एक बार फिर से बिहार की अपनी टीम की लीग में जरूरत बताई गई है।
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर उठी इस मांग का समर्थन किया है। सम्राट चौधरी ने कहा है कि सरकार राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और युवा खिलाड़ियों के लिए अवसरों को मजबूत करने के लिए "मिशन मोड" में काम कर रही है।