एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को 400 मीटर टी20 स्पर्धा में दीप्ति जीवनजी ने नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, टेबल टेनिस में भारत ने 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेडल जीतने वाले पैरा खिलाड़ियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दीप्ति को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर दीप्ति जीवनजी को हार्दिक बधाई। एक नया गेम्स रिकॉर्ड बनाना और अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाए रखना, इस सुनहरी जीत को और भी खास बनाता है। आपके शानदार प्रदर्शन पर पूरे भारत को बहुत गर्व है।"
द्रौपदी मुर्मु ने शॉट पुट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्रवीण शर्मा को बधाई देते हुए लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों के शॉट पुट एफ11 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्रवीण शर्मा को हार्दिक बधाई। इन खेलों में अपने पहले ही प्रयास में मेडल जीतना एक विशेष उपलब्धि है। मुझे उम्मीद है कि यह अनुभव खेल के प्रति आपके समर्पण को और मजबूत करेगा और आपके आगे के सफर में नया उत्साह लेकर आएगा।"