अंबाती रायडू का मानना है कि सुनील नरेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं। नरेन ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ हुए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाने में गेंद से अहम भूमिका निभाई।
शनिवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में नरेन ने 4 ओवर के स्पेल में 29 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।अंबाती रायडू ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से बात करते हुए कहा कि नरेन की निरंतरता और बल्ले और गेंद दोनों से मैच पर असर डालने की काबिलियत उन्हें टूर्नामेंट का अब तक का सबसे महान खिलाड़ी बनाती है।
रायडू ने कहा, "मेरे हिसाब से सुनील नरेन अब तक के सबसे बेस्ट आईपीएल खिलाड़ी हैं। वह गेंद और बल्ले दोनों से मैच-विनर है। आईपीएल में कई बेहतरीन खिलाड़ी हुए हैं, लेकिन नरेन हमेशा सबसे अलग दिखते हैं। वह मेरे लिए लिस्ट में सबसे ऊपर है।"