ऑलराउंडर विजय शंकर ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी। विजय शंकर ने वनडे और टी20 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह वनडे विश्व कप 2019 में टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे। विजय ने सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
विजय शंकर ने एक्स पर लिखा, "क्रिकेट ही मेरी जिंदगी है। मैंने 10 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था और 25 साल बाद, मैं हर स्तर पर और सर्वोच्च स्तर पर खेलने का मौका पाने के लिए खुद को बहुत भाग्यशाली और धन्य महसूस करता हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरे लिए सबसे गर्व भरे और खुशी के पलों में से एक रहेगा।"
उन्होंने लिखा, "मैंने नए अवसरों की तलाश करने और ज्यादा क्रिकेट खेलने के लिए घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। जो काम मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, उसे करने का मौका देने के लिए सिर्फ 'धन्यवाद' कहना काफी नहीं होगा। मैं हमेशा आभारी रहूंगा। बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट टीम का भी धन्यवाद—जिनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, अनगिनत यादें मिलीं और कई तरह की प्रेरणाएं मिलीं।"