अफगानिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा। अफगानिस्तान से मिले 295 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन करन बिना खाता खोले फजलहक फारूकी का शिकार बने। इसके बाद ताफदजवा त्सिगा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेंडन टेलर अनलकी रहे और सिर्फ एक रन बनाकर रनआउट हुए। ब्रायन बेनेट 40 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।
कप्तान सिकंदर रजा अच्छी लय में दिखाई दिए, लेकिन वह बढ़िया शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 48 रन बनाकर आउट हुए। रयान बर्ल 63 गेंदों का सामना करने के बाद 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेस्ली माधेवेरे 5 रन ही बना सके। ब्रैड इवांस 14 रन बनाकर मोहम्मद नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान को कैच देकर पवेलियन लौटे। जिम्बाब्वे के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके और पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ढेर हुई। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, फजलहक फारूकी ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए।