भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला मंगलवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम की निगाहें इस मुकाबले को जीतकर सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने पर होगी।
स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक खेले गए दोनों टी20 मैचों में शानदार रहा है। पहले टी20 में भारतीय बल्लेबाज कुछ हद तक संघर्ष करती हुई नजर आई थीं, लेकिन दूसरे मुकाबले में टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। दूसरे टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 102 रन ही बना सकी थी। भारतीय टीम ने 103 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
बल्लेबाजी में भारत की ओर से शेफाली वर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दी थीं और उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की आतिशी पारी खेली थी। वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना 25 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रही थीं। शेफाली ने अपनी पारी में 220 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, मंधाना ने 47 रनों की पारी के दौरान 6 चौके और 2 छक्के लगाए।