न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमेलिया केर को मार्च महीने के लिए आईसीसी का 'विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना गया है। इस खिलाड़ी ने बीते महीने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्ले और गेंद, दोनों से रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया था।
मार्च 2026 में खेले गए चार वनडे मुकाबलों में अमेलिया ने 78.57 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए। इसके अलावा, 3.77 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट भी लिए। जब न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया, तो अमेलिया 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहीं। इस सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने 34 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे।
इस बीच 6 टी20 मुकाबलों में अमेलिया ने 158.62 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए और छह विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने इस फॉर्मेट में लगातार 11 बार 30 या उससे ज्यादा रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। इस सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया की नंबर-1 ऑलराउंडर अमेलिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4-1 से टी20 सीरीज जीतने पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया।