पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का एहसास तब हुआ, जब ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट मैच के लिए उनसे कम अनुभवी और युवा वॉशिंगटन सुंदर को टीम में प्राथमिकता दी गई। साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वरिष्ठ गेंदबाज अश्विन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने सीरीज समाप्त होने पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।
मंगलवार को कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान, अश्विन ने उस पल के बारे में खुलकर बात की जब उन्हें एहसास हुआ कि भारतीय टीम के साथ उनका समय अब खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, "मैं पर्थ में सीनियर गेंदबाज था। वाशी (वॉशिंगटन सुंदर) ने वह टेस्ट खेला, और मुझे एहसास हो गया कि मेरा समय अब पूरा हो चुका है।"
उल्लेखनीय है कि ब्रिस्बेन टेस्ट के बाद अश्विन के संन्यास लेने के फैसले पर टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना हुई थी। ये वो समय था, जब इस सीरीज के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी टीम से दूरी बना ली। ऐसी बातें सामने आ रही थीं कि सीनियर खिलाड़ियों को जबरदस्ती संन्यास लेने के लिए मजबूर किया गया है। ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था। हालांकि, अश्विन ने इन सभी बातों को सिरे से खारिज करते हुए गंभीर के काम करने के तरीके का समर्थन किया।