बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सामने पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए हैं। सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को बांग्लादेश ने 78 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। पाकिस्तान को पहली बार बांग्लादेश में न सिर्फ टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी है, बल्कि उसका सूपड़ा साफ हो गया है। बांग्लादेश ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में 104 रन से जीत हासिल की थी।
पाकिस्तान को सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट को जीतने के लिए पांचवें दिन 121 रन की जरूरत थी। टीम के पास 3 विकेट शेष थे। पाकिस्तान टीम बुधवार को जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उसके 316 रन पर 7 विकेट थे। अगले 3 विकेट 42 रन जोड़कर गिर गए। पाकिस्तान 358 रन पर ऑलआउट हो गई और मैच 78 रन के अंतर से हार गई। मंगलवार को 75 रन बनाकर नाबाद रहे विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 94 रन बनाकर नौवें विकेट के रूप में आउट हुए।
बांग्लादेश की तरफ से तैजुल इस्लाम ने सर्वाधिक 6 विकेट लिए।