भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वनडे विश्व कप 2025 जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब टीम जीत को अपनी आदत बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि वनडे विश्व कप 2025 में चैंपियन बनना भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एक बड़ी यात्रा की शुरुआत है।
कौर ने अपने आईसीसी कॉलम में लिखा, "उस विश्व कप को जीतना भारत में महिला क्रिकेट के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण पल था। यह सिर्फ एक ट्रॉफी से कहीं बढ़कर था। सबसे जरूरी बात यह है कि इसने हमारे अंदर आत्मविश्वास जगाया और युवा लड़कियों को यह दिखाया कि खेल के सबसे ऊंचे मुकाम तक पहुंचना नामुमकिन नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "महिला विश्व कप 2025 की जीत ने हमारे आत्मविश्वास को जबरदस्त बढ़ावा दिया है। हालांकि, यह तो बस शुरुआत है। हम जीत को अपनी आदत बनाना चाहते हैं। 2025 विश्व कप की जीत ने हमें जहां बेहिसाब खुशी दी, वहीं इसने हमें एक बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी है। हम जानते हैं कि अब लोगों की उम्मीदें बढ़ेंगी। इससे हम पर दबाव भी आएगा, लेकिन यह एक 'अच्छा' दबाव है। यह हमें याद दिलाता है कि हमने कुछ बहुत ही खास हासिल किया है। अब हमें उस सफलता को एक बार फिर दोहराना है।"