मनोज प्रभाकर का नाम भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर में लिया जाता है। वह भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करते थे और निचले क्रम के बेहतरीन बल्लेबाज थे। प्रभाकर ने कई बार टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी में भी पारी की शुरुआत की।
मनोज प्रभाकर का जन्म 15 अप्रैल, 1963 को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में हुआ था। वह दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज और दाएं हाथ के बल्लेबाज थे। दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले प्रभाकर ने भारतीय टीम के लिए वनडे में 8 अप्रैल, 1984 को श्रीलंका के खिलाफ शारजाह और 12 दिसंबर, 1984 को इंग्लैंड के खिलाफ दिल्ली में टेस्ट में डेब्यू किया था। वह 1996 तक लगातार भारतीय टीम का हिस्सा रहे।
इस दौरान प्रभाकर ने 39 टेस्ट की 68 पारियों में 96 विकेट लिए। एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि 3 बार हासिल की। वहीं टेस्ट की 58 पारियों में 1 शतक और 9 अर्धशतक लगाते हुए 1600 रन बनाए। वनडे की 130 पारियों में 157 विकेट लेने के अलावा 98 पारियों में 21 बार नाबाज रहते हुए 1858 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक निकले।