टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपनी गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली है। शॉ और आकृति एक-दूसरे को लंबे समय से डेट कर रहे थे। पृथ्वी शॉ लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 25 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
पृथ्वी शॉ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर आकृति संग तस्वीरें शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी है। शॉ ने कैप्शन में लिखा, "मैदान पर छक्कों से लेकर जिंदगीभर के लिए शानदार पारी तक। वह मेरी परफेक्ट पारी हैं।" शॉ और आकृति को फैंस कमेंट बॉक्स में जमकर बधाई दे रहे हैं। तस्वीरों में शॉ-आकृति काफी खुश नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शॉ अपने इंस्टाग्राम पर आकृति के साथ पहले भी कई बार तस्वीरें शेयर कर चुके हैं। इसके साथ ही यह दोनों साथ में रील बनाते हुए भी दिखाई दिए थे।
पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति अग्रवाल इन्फ्लुएंसर हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 32 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स भी हैं। आकृति अभिनेत्री भी हैं और वह जल्द ही तेलुगू फिल्म 'त्रिमुखा' के जरिए पर्दे पर डेब्यू करने वाली हैं। आकृति अपने इंस्टाग्राम पर फैशन, लाइफस्टाइल और डांस से जुड़ी रील्स शेयर करती रहती हैं।