अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान नई दिल्ली स्थित एक अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में गंभीर हालत में भर्ती हैं। वह हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (एचएलएच) नामक एक दुर्लभ और जानलेवा इम्यून डिसऑर्डर से जूझ रहे हैं।
साल 2009 से 2020 के बीच अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 मैच खेलने वाले जादरान स्टेज-4 के एचएलएच के साथ आईसीयू में हैं। इस स्थिति में, रोगी को बहुत ज्यादा सूजन (हाइपर-इन्फ्लेमेशन) रहती है, जिससे शरीर के ऊतकों को नुकसान पहुंचता है। इनमें बोन मैरो, लिवर, स्प्लीन और लिम्फ नोड्स शामिल हैं।
उनके छोटे भाई गमाई जादरान ने बताया है कि शपूर को पिछले साल अक्टूबर में पहली बार तबीयत खराब महसूस हुई थी, जिसके बाद उन्हें भारत में इलाज करवाने की सलाह दी गई। राशिद खान और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ के सहयोग से, शपूर का वीजा जल्दी से बन गया और 18 जनवरी को उन्हें नई दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया।