आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत शनिवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जीटी इस सीजन में आरआर से मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में अब तक कुल 10 मुकाबलों में से 6 में जीत दर्ज की है, जबकि 4 मुकाबलों में आरआर को हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के लिहाज से अच्छी खबर यह है कि कप्तान रियान पराग फॉर्म में लौट चुके हैं। रियान ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में 50 गेंदों में 90 रनों की दमदार पारी खेली थी।
आरआर एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। ध्रुव जुरेल ने नंबर तीन की पोजीशन पर लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया है। वहीं, रवींद्र जडेजा बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे रहे हैं। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की जोड़ी ने नई गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। युवा गेंदबाज बृजेश शर्मा भी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। हालांकि, रवि बिश्नोई इस सीजन रनों पर लगाम लगाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं और उनका इकोनॉमी 9.88 का रहा है।