इंग्लैंड ने गुरुवार को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे त्रिकोणीय सीरीज के छठे मुकाबले में श्रीलंका के विरुद्ध 55 रन से जीत दर्ज की। बेन डकेट मैच के हीरो रहे, जिन्होंने 132 गेंदों में 167 रन की दमदार पारी खेली। यह टूर्नामेंट में इंग्लैंड की इकलौती जीत रही, जिसके साथ उसके अभियान का समापन भी हो गया।
पाकिस्तान 4 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है, जबकि श्रीलंका ने 4 मुकाबलों में 2 मैच जीते और दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, इंग्लैंड की टीम 4 में से 3 मैच गंवाने के साथ तीसरे स्थान पर रही। अब फाइनल मैच 31 अक्टूबर को इसी मैदान पर पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाना है।
लाहौर में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 5 विकेट खोकर 386 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में टॉम बैंटन ने बेन डकेट के साथ पहले विकेट के लिए 150 गेंदों में 163 रन की साझेदारी की। बैंटन 75 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।