भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से पद्म श्री मिलने के बाद अपने परिवार, टीम के साथियों, कोच और फैंस का आभार जताया।
हरमनप्रीत उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल रहीं, जिन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहली सिविल इन्वेस्टिचर सेरेमनी में सम्मानित किया गया। इस समारोह में अलग-अलग श्रेणियों में पद्म श्री पुरस्कार दिए गए। भारत की पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी पुरस्कार पाने वालों में शामिल रहे। सम्मान मिलने के तुरंत बाद हरमनप्रीत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने एक युवा क्रिकेटर से लेकर वैश्विक मंच पर भारत की कप्तानी करने तक के अपने सफर के बारे में बताया।
उन्होंने समारोह की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आज मेरा दिल गर्व और कृतज्ञता से भर गया है, क्योंकि मुझे प्रतिष्ठित पद्म श्री सम्मान मिला है। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि मेरे माता-पिता, परिवार, कोच, टीम के साथियों, दोस्तों और हर उस इंसान का है, जिसने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास किया। आंखों में सपने लिए एक छोटी लड़की से लेकर सबसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने तक, हर पल आपके प्यार, त्याग और हौसले की वजह से मुमकिन हुआ है।"