भारत ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए वार्म-अप मुकाबले को 30 रन से अपने नाम किया। इस मुकाबले में बतौर सलामी बल्लेबाज उतरकर तूफानी अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं।
बुधवार को खेले गए इस वार्म-अप मैच में ईशान 20 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों के साथ 53 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। मैच के बाद ईशान ने कहा, "मैं इस मुकाबले को लेकर बहुत उत्साहित था। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मुझे उस परिस्थिति में बहुत मजा आया, लेकिन वर्ल्ड कप आने वाला है, इसलिए मैं किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करूंगा। मेरा फोकस हमेशा टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होता है।"
उन्होंने कहा, "मेरे लिए वर्तमान में रहना, गेंद पर नजर रखना और उस समय की जरूरत के मुताबिक शॉट खेलना अहम है। मैं इस पर ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, बस प्रतिक्रिया देता हूं। मैं गेंद देखता हूं और उसी के अनुसार खेलता हूं। यही तरीका मेरे लिए कारगर साबित हो रहा है। कुछ दिन आप खुद को बहुत अच्छा महसूस करते हैं, कुछ दिन नहीं। इस मुकाबले में पिच को भी श्रेय देना होगा। यह बल्लेबाजी के लिए शानदार थी। दूसरी पारी में भी पिच ने बल्लेबाजों का साथ दिया। मैंने विकेट और बाउंस पर भरोसा किया। विश्व कप इतना करीब होने पर जरूरी है कि अगर गेंद खेलने लायक हो, तो भले ही फील्डर खड़ा हो, आप खुद पर भरोसा करते हुए शॉट खेलें।"