भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई में खेला जाना है। मैच शाम 7 बजे से खेला जाना है। राजकोट के क्रिकेट फैंस का मानना है कि भारतीय टीम मजबूत है और सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगी और फाइनल मुकाबला भी जीतेगी।
आईएएनएस से बात करते हुए सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अंडर-14 टीम के कोच यश ठक्कर ने कहा, "इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है। संजू सैमसन ने पिछले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसे देखने के बाद ऐसा लगता है कि हमारे सभी खिलाड़ी फॉर्म में हैं। वानखेड़े में जब इंग्लैंड के खिलाफ पिछला टी20 मैच हुआ था तो अभिषेक ने शतक लगाया था। अभिषेक सेमीफाइनल में बड़ी पारी खेल सकते हैं। बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी में भी हम मजबूत हैं, इसलिए सेमीफाइनल मुकाबला हम जीतेंगे।"
युवा क्रिकेटर रूद्र ने कहा कि भारतीय टीम ने सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद शानदार वापसी की और जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।