भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के मामले में जारी किया गया है। एसीएसयू ने इस मामले पर अगले 48 घंटों के भीतर जवाब मांगा है।
बीसीसीआई के सूत्रों ने सोमवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, एसीएसयू की तरफ से मामले की जांच शुरू करने के बाद, भिंडर को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उनसे 48 घंटों के भीतर जवाब देने और उस क्षेत्र में मोबाइल ले जाने के पीछे के कारणों को समझाने के लिए कहा गया है।"
यह घटना 10 अप्रैल को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ आरआर के मैच की दूसरी पारी के दौरान हुई। इस दौरान टीवी स्क्रीन पर भिंडर को टीम डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही क्लिप में युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को भिंडर के मोबाइल फोन की स्क्रीन की ओर देखते हुए पाया गया।