आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला कोलकाता नाइड राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच सोमवार की शाम कोलकाता के इडेन गार्डन्स में खेला जाएगा। अपने घरेलू मैदान में पंजाब किंग्स को हराकर 2 अंक लेना केकेआर के लिए बड़ी चुनौती है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। केकेआर अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाकर अंकतालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है। केकेआर को अपने पहले मुकाबले में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अपने घरेलू मैदान इडेन गार्डन्स में केकेआर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रन से हारी थी। ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला सीजन का तीसरा मुकाबला केकेआर के लिए बेहद अहम है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब को हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।
पंजाब किंग्स को हराना केकेआर के लिए आसान नहीं होने वाला है। पंजाब सीजन के अपने दोनों मुकाबले जीतकर अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। पंजाब की बल्लेबाजी विस्फोटक है तो गेंदबाजी घातक है। बल्लेबाजी में पंजाब की ताकत दोनों ओपनर (प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह) के साथ ही कूपर कोनोली और श्रेयस अय्यर हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजय कुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल हैं। मार्को जानसेन और मार्क्स स्टॉयनिस टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी को संतुलित बनाते हैं। इस तरह पंजाब की टीम बेहद संतुलित और मजबूत है।