आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज रेबेका स्टोकेल ने डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा के उपयोग से जुड़े एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करने के बाद 'स्वैच्छिक निलंबन' स्वीकार कर लिया है। रेबेका फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की जांच के परिणाम का इंतजार कर रही हैं।
रेबेका ने इन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़ी रिपोर्टिंग आवश्यकताओं के अनजाने में हुए उल्लंघन की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है। हालांकि, यह उल्लंघन अनजाने में हुआ था और जिस पदार्थ का पता चला है, वह प्रदर्शन को बेहतर बनाने वाला नहीं है, फिर भी नियमों का पालन नहीं करने की गलती को स्वीकार किया है। रेबेका ने यह भी स्वीकार किया है कि उन्हें खेल से निलंबित किया जा सकता है।
आयरिश खिलाड़ी का सैंपल 23 जून को एक प्रतियोगिता के दौरान लिए गए टेस्ट में लिया गया था, और उनका निलंबन 23 अक्टूबर से प्रभावी हो गया है। आईसीसी की अनुशासनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किसी तरह की सजा या प्रतिबंध तय किया जाएगा।