भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी को अपनी रिटेंशन लिस्ट सौंपने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय देते हुए डेडलाइन को बढ़ाकर 17 नवंबर कर दिया है। 2027 आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) तय कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर को गोवा में ही होगी।
'आईएएनएस' को मिली जानकारी के अनुसार, बीसीसीआई ने सोमवार को एक आधिकारिक संदेश के जरिए सभी फ्रेंचाइजी को इस दो दिन के विस्तार के बारे में सूचित किया है। रिटेंशन की मूल डेडलाइन 15 नवंबर थी। इसी दिन भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच भी खेला जाना है।
माना जा रहा है कि पुरुषों के इस वनडे मैच के साथ टकराव होने से रिटेंशन की घोषणा और उसकी कवरेज पर असर पड़ सकता था, इसलिए बोर्ड ने डेडलाइन को 17 नवंबर तक खिसकाने का फैसला किया। आईपीएल 2027 नीलामी के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन सोमवार से शुरू हो गया है और यह 23 नवंबर तक चलेगा।