आईपीएल 2026 के 12वें मुकाबले में सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना ईडन गार्डन्स के मैदान पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) से होगा। केकेआर अपने घरेलू मैदान पर इस सीजन की पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी।
पंजाब किंग्स का बल्लेबाजी क्रम अब तक खेले गए दोनों ही मुकाबलों में दमदार नजर आया है। आखिरी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पीबीकेएस ने 210 रनों के लक्ष्य को आसानी से 18.4 ओवर में हासिल कर लिया था। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह पंजाब किंग्स को अच्छी शुरुआत देने में सफल रहे हैं। प्रियांश ने सीएसके के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 11 गेंदों में 39 रनों की आतिशी पारी खेली थी। वहीं, प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 50 रन बनाए थे।
हालांकि, सीएसके के खिलाफ पंजाब किंग्स के गेंदबाज लय से भटके हुए नजर आए थे। अर्शदीप सिंह ने बिना कोई विकेट चटकाए 4 ओवर में 41 रन दिए थे। वहीं, जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 48 रन खर्च किए थे। मार्को जानसेन और विजयकुमार वैशाक भी लाइन एंड लेंथ से जूझते दिखाई दिए थे।