गुजरात के उर्विल पटेल ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में केरल के खिलाफ 'नाबाद दोहरा शतक' लगाया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में उर्विल ने 227 गेंदों में 6 छक्के और 17 चौके जड़े। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक रहा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने अपनी पहली पारी 534/9 के स्कोर पर घोषित की। अभिषेक देसाई ने आर्य देसाई के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अभिषेक 5 चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद आर्य देसाई ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वेदांत त्रिवेदी (9) के साथ 22 रन, जबकि मनन हिंग्राजिया (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाकर टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचा दिया था, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया और टीम ने 189 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। इस बीच आर्य देसाई 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे।