South Africa vs Bangladesh 2nd Test Day 1: साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर स्पोर्ट पार्क में जारी दूसरे टेस्ट मुकाबले में अपनी पकड़ बना ली है। बारिश से प्रभावित मुकाबले के पहले दिन बांग्लादेश को महज 91 रन पर ढेर करने के बाद साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट खोकर 88 रन बना लिए हैं।
सेंचुरियन में बारिश के कारण टॉस में काफी देरी हुई, जिसके चलते पूरे दिन में सिर्फ 50.3 ओवर फेंके जा सके। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 33.3 ओवरों का सामना कर सकी।
मेहमान टीम की शुरुआत खराब रही। तंजीद हसन तमीम (3) उस समय आउट हुए, जब टीम के खाते में सिर्फ 6 रन जुड़े थे। इसके बाद मोमिनुल हक ने टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने महफिजुल इस्लाम (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की, जिसके बाद छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 60 के स्कोर तक पहुंचाया। मोमिनुल 2 चौकों के साथ 18 रन बनाकर आउट हुए।