जर्सी और कुवैत ने 'चैलेंज लीग ए' में शीर्ष दो स्थानों पर रहकर आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को जिंदा रखते हुए आगामी क्वालीफायर प्ले-ऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
इस उपलब्धि के साथ जर्सी और कुवैत अब वर्ल्ड कप क्वालीफिकेशन की अगली अहम चुनौती में उतरेंगे, जहां उनके पास वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए आगे बढ़ने का मौका होगा। चैलेंज लीग ए में लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत दोनों टीमों ने अपनी दावेदारी मजबूत की और शीर्ष दो में जगह बनाकर अगले चरण का टिकट हासिल किया।
जर्सी ने 15 मुकाबलों के इस अभियान में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने केवल दो मैच हारे और दूसरे स्थान पर रहे कुवैत से 5 अंक आगे रहे। अब ये दोनों देश 8 टीमों वाले क्वालीफायर प्ले-ऑफ में हिस्सा लेंगे, जिससे यह तय होगा कि क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर में आखिरी 4 स्थान किन टीमों को मिलेंगे।