आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। एलएसजी को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 65 रनों से हराया था। आईपीएल 2026 में एसआरएच ने अब तक कुल 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में टीम को जीत मिली है जबकि एक में सनराइजर्स हैदराबाद को हार का सामना करना पड़ा है। केकेआर के खिलाफ अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी शानदार लय में दिखाई दी थी। हेड ने 21 गेंदों में 46 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो अभिषेक ने 21 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए थे। वहीं, हेनरिक क्लासन ने 35 गेंदों में 52 रनों का योगदान दिया था।
नीतीश कुमार रेड्डी भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 24 गेंदों में 39 रन बनाने के साथ-साथ दो विकेट भी अपने नाम किए थे। नीतीश को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था। गेंदबाजी में एसआरएच की ओर से जयदेव उनादकट ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट निकाले थे जबकि ईशान मलिंगा ने 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।