टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर से पांच वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी, जिसमें विराट कोहली-रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी नजर आएंगे। तमाम फैंस की तरह विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी इस जोड़ी को खेलते देखने के लिए उत्साहित हैं।
वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले राजकुमार शर्मा ने मंगलवार को 'आईएएनएस' से कहा, "फैंस विराट को फिर से खेलते हुए देखना चाहते हैं। इसे लेकर काफी उत्साह है। पूरा देश इस बात से उत्साहित है कि कल (बुधवार) विराट, रोहित के साथ फिर से मैदान पर उतरेंगे। इसलिए, यह पूरे देश के लिए बहुत ही रोमांचक पल है।"
रोहित और विराट के बारे में उन्होंने कहा, "वे अभी सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेल रहे हैं, लेकिन वे 2027 के वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं, जो 50 ओवर का फॉर्मेट है। मुझे लगता है कि तैयारी के लिए यह उनके पास बहुत अच्छा समय है। यह पांच मुकाबलों की सीरीज है, जो एक बेहतरीन तैयारी साबित होगी। मुझे उम्मीद है कि वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अपनी तैयारी भी अच्छे से करेंगे।"